UP में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव, नोएडा से मेरठ तक 23 जिलों में वर्षा-आंधी का अलर्ट; किसानों की बढ़ी चिंता

उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को लखनऊ, नोएडा, आगरा, मथुरा और जौनपुर समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। इस दौरान ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी। अब मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

नोएडा से मेरठ तक बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, बहराइच, कानपुर, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, प्रयागराज, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, आजमगढ़ और जौनपुर समेत कई जिलों में खराब मौसम की संभावना है।

इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। वहीं, आसमान में बादल छाए रहने से धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी देखने को मिल सकती है।

लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान
प्रदेश में हो रही बेमौसम बारिश किसानों के लिए परेशानी बन गई है। शुक्रवार को जौनपुर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई। इससे किसानों को नुकसान की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 3 नवंबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी यूपी में 31 अक्टूबर को छिटपुट बारिश के बाद 1 नवंबर से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।

CM योगी ने दिए किसानों को मुआवजा देने के निर्देश
बारिश से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों की फसलों का नुकसान आंका जाए और उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों और पीड़ित परिवारों से बातचीत करने तथा हरसंभव सहायता देने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नोएडा में बारिश के बाद पलटा ई-रिक्शा, कई घायल
बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और गड्ढे भी हादसों की वजह बन रहे हैं। शुक्रवार शाम नोएडा के जेवर में दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर कनारसी गांव के पास एक ई-रिक्शा गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे के समय ई-रिक्शा में करीब सात लोग सवार थे। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर कई गहरे गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। फिलहाल प्रदेश में मौसम की बदली चाल ने किसानों से लेकर आम लोगों तक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *